Home उत्तर प्रदेश नेपाल चुनाव के चलते भारत नेपाल सीमा बढ़नी–कृष्णानगर बॉर्डर 2 से 5...

नेपाल चुनाव के चलते भारत नेपाल सीमा बढ़नी–कृष्णानगर बॉर्डर 2 से 5 मार्च तक रहेगा बंद,

SIDHARTHNAGAR NEWS: पड़ोसी देश नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव को देखते हुए भारत–नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासनिक निर्देश के अनुसार बढ़नी स्थित बढ़नी–कृष्णानगर बॉर्डर 2 मार्च की मध्यरात्रि (12 बजे) से 5 मार्च की मध्यरात्रि तक पूरी तरह सील रहेगा। इस अवधि में आम नागरिकों, पैदल यात्रियों तथा निजी और सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। केवल अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों—जैसे एंबुलेंस, दमकल, शव वाहन तथा जरूरी आपूर्ति वाले वाहनों—को नियमानुसार छूट दी जाएगी। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। बॉर्डर पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। साथ ही डॉग स्क्वॉड की मदद से वाहनों और सामान की विशेष रूप से तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध वस्तु की आवाजाही को पूरी तरह रोका जा सके। प्रशासन के अनुसार यह कदम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि में सीमा पार यात्रा की योजना न बनाएं और जारी निर्देशों का पालन करें।