Home उत्तर प्रदेश ऑनलाइन व्यापार के विरोध में व्यापार मंडल का ज्ञापन, सांसद को सौंपा...

ऑनलाइन व्यापार के विरोध में व्यापार मंडल का ज्ञापन, सांसद को सौंपा प्रधानमंत्री के नाम पत्र

JHANSI NEWS:  उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल झांसी इकाई द्वारा प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आज युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी (जीतू सोनी) की गरिमामयी उपस्थिति में तथा जिला अध्यक्ष उमेश गुप्ता एवं महानगर अध्यक्ष बृज बिहारी सोनी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अनुराग शर्मा (सांसद, झांसी-ललितपुर क्षेत्र) को सौंपा गया। ज्ञापन में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश “विकसित भारत” की दिशा में निरंतर अग्रसर है। वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी व्यापार-उद्योग के संरक्षण के लिए उठाए गए कदमों से देश के व्यापारियों में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने आशा जताई कि छोटे एवं परंपरागत व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु भी केंद्र सरकार का मार्गदर्शन और संरक्षण मिलता रहेगा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से वर्तमान समय में ऑनलाइन व्यापार (ई-कॉमर्स) के अनियंत्रित एवं असंतुलित विस्तार पर चिंता व्यक्त की गई। व्यापार मंडल का कहना है कि इससे देश के छोटे एवं मध्यम व्यापारियों का विश्वास प्रभावित हुआ है। वर्षों से स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहे पारंपरिक दुकानदार आज अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रहे हैं। व्यापारियों ने कहा कि ऑनलाइन मार्केटिंग के कारण स्थानीय बाजारों को भारी नुकसान हो रहा है, जिससे लाखों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। यह स्थिति केवल आर्थिक संकट तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक असंतुलन भी उत्पन्न कर रही है। छोटे व्यापारी रोजगार व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं और यदि समय रहते ठोस नीति-निर्णय नहीं लिए गए तो देश का पारंपरिक बाजार, स्वरोजगार व्यवस्था और सामाजिक संतुलन गंभीर संकट में पड़ सकता है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सांसद के माध्यम से प्रधानमंत्री तक उनकी आवाज पहुंचेगी और व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से नरेश गुप्ता राजू रक्सा, अतुल किलपन, पुनीत अग्रवाल, प्रदीप त्रिपाठी, जयकिशन प्रेमानी, अशोक अग्रवाल, राजेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, वासुदेव नेनवानी, नरेंद्र राय, सुरेश साहू, दीपक डलवानी, मनोज रेज, श्रीमती कंचन आहूजा, श्रीमती रजनी गुप्ता एवं श्रीमती उषा सेन सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।