दिशा बैठक में 73 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
JHANSI NEWS: अनुराग शर्मा सांसद झांसी-ललितपुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में 73 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने और योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सांसद ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान मऊरानीपुर तहसील में ट्रामा सेंटर की स्थापना हेतु भूमि चिन्हित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर अनमोल जीवन बचाया जा सकता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी एवं निजी एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को बाहर ले जाने की शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए गए। आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत उपलब्ध उपचारों की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन पर चर्चा करते हुए सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों को योजना की गाइडलाइन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि पात्र ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों को दुकानों के आवंटन एवं आजीविका संवर्धन पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुरूप “एक जिला-एक व्यंजन” योजना को सफल बनाने के लिए महिला समूहों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए, झांसी-कानपुर सिक्स लेन पर 21 स्थानों पर बनेंगे ओवरब्रिज एनएचएआई कार्यों की समीक्षा में झांसी से कानपुर सिक्स लेन परियोजना के अंतर्गत 21 स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण हेतु सर्वे के निर्देश दिए गए। सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढों की तत्काल मरम्मत, अवैध कट बंद करने एवं छुट्टा गोवंश के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए। मनरेगा के तहत 4000 श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष में मनरेगा अंतर्गत 4000 श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया गया है। जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में विद्युत व्यवस्था में आए सुधारों पर संतोष व्यक्त किया। विधायक सदर रवि शर्मा ने नगर क्षेत्र में बेहतर विद्युत आपूर्ति एवं सब स्टेशन क्षमता वृद्धि की सराहना की। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दूरसंचार, रेलवे, राजमार्ग अवसंरचना, एमएसएमई एवं डिफेंस कॉरिडोर सहित विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने किया।







