PRAYAGRAJ NEWS: होली के पावन पर्व से पूर्व इस वर्ष प्रयागराज में मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला। हरे राम सेवा संस्थान और सीएमपी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में मलीन बस्ती के सैकड़ों बच्चों के साथ रंगोत्सव मनाकर यह सिद्ध कर दिया कि त्योहार केवल रंगों का नहीं, बल्कि रिश्तों और संवेदनाओं का उत्सव होता है। यह कार्यक्रम संस्थान के अध्यक्ष एवं सीएमपी डिग्री कॉलेज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अनंत सिंह के नेतृत्व में अत्यंत भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत बृद्ध महिलाओं को साड़ी,गुलाल,सैनेटरी पैड ,दिव्यांगजनों को कपड़ा ,दवा वितरित किया गया वही बच्चों को खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुएँ, स्टेशनरी, वस्त्र एवं दैनिक उपयोग की कई सामग्रियाँ वितरित की गईं। स्वयंसेवकों ने बच्चों के साथ मिलकर रंग खेला, गीत-संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया तथा उन्हें आत्मीय संवाद के माध्यम से प्रोत्साहित किया। जिन बच्चों के जीवन में अक्सर अभाव और संघर्ष प्रमुख होते हैं, उनके चेहरों पर इस दिन मुस्कान और उल्लास स्पष्ट झलक रहा था। इस अवसर पर सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। आयोजन की योजना, संसाधनों का प्रबंधन, वितरण व्यवस्था और सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन—हर स्तर पर युवाओं की संगठित टीम ने अनुकरणीय कार्य किया।
संस्थान का उद्देश्य केवल तात्कालिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के जीवन में दीर्घकालिक सकारात्मक परिवर्तन लाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय सहयोग के माध्यम से संस्थान ने सैकड़ों परिवारों तक सहायता पहुँचाई है और युवाओं में सेवा-भाव की चेतना विकसित की है। संस्थान के अध्यक्ष अनंत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “समाजसेवा केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन-दृष्टि है। यदि हमारे त्योहार किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा का दीप जला सकें, तो वही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
इस भव्य आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि जब युवा संगठित होकर सेवा का संकल्प लेते हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य संभव होता है। हरे राम सेवा संस्थान की यह पहल प्रयागराज में सामाजिक समरसता और मानवता की एक सशक्त मिसाल बनकर उभरी है।इस कार्यक्रम में सीएमपी कॉलेज से डॉ मनीष सिंह ,डॉ राम चिरंजीव पाल ,डॉ रितेश त्रिपाठी ,डॉ सपना मौर्य आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे l साथ ही साथ मंदीप,कुलदीप,ऋषभ, आस्था,ज्योति, दीपाली, अर्जिता, प्रणशी, भूमिका सिंह,पल्लवी राय,रिया सिंह ,प्रिया , अनन्या, अनुकल्प सुमित,शिवम,पवन, राज,अर्चित ,सन्नी यादव ,रोहित ,आशीष,शुभम्,वैभव,हर्षित ,संजय विनीत रिंकू प्रज्ञा दीपिका,रानी, पिंकी, महके, आराधना,कस्तूरी आदि छात्र और छात्रायें उपस्थित रही।








