प्रयागराज जनपद के कौंधियारा थाना परिसर में आगामी रमजान और होली त्योहार के मद्देनजर शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान एवं थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने की। इस दौरान क्षेत्र के पत्रकार, ग्राम प्रधान एवं अन्य संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था। अधिकारियों ने सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।
शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसीपी अब्दुस सलाम खान ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शराब पीकर हुड़दंग करने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने उपस्थित लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी।
बैठक का समापन आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।







