FATEHPUR NEWS: अवध बार लखनऊ में कार्यरत वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा की 22 फरवरी 2026 को कथित रूप से लोहे की रॉड एवं लाठी-डंडों से पीटकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में मॉडल बार एसोसिएशन खागा के अधिवक्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। मॉडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने मृतक के परिजनों को तत्काल एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा एक आश्रित को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। साथ ही प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने की भी मांग उठाई गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में वकीलों के साथ आपराधिक घटनाएं चिंताजनक हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक हो गया है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। इस अवसर पर अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महामंत्री मलखान सिंह यादव, सूर्य प्रकाश सिंह, रामसखा द्विवेदी, अजय त्रिपाठी, सुमन सिंह, वीरेंद्र सिंह तोमर, अरविंद कुमार पांडेय, धर्मेंद्र सिंह (पूर्व महामंत्री), बांकनाथ गोस्वामी, मो. यूसुफ, लक्ष्मी देवी लोधी, संजय सिंह, इसराइल फारूकी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।







