पीड़ित किसानों ने कहा पशुओं का निवाला नष्ट, आर्थिक मदद की गुहार
PRAYAGRAJ NEWS: कुरान थाना क्षेत्र के बरनपुर गांव में खेत में रखे पुआल के ढेर में अज्ञात कारणों से लगी आग से 8 बीघे का पुआल जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक किसान उमाशंकर सिंह व अनन्य प्रताप सिंह पुत्रगण श्याम लाल सिंह व प्रेम कुमारी पत्नी रामबली सिंह, अरविंद कुमार सिंह पुत्र रामबली सिंह निवासीगण बरनपुर थाना कोरांव का गांव की बस्ती से कुछ दूरी पर आठ बीघे खेत है। आठ बीघे खेत का पुआल एक ही जगह पर ढेर बना कर रखा गया था। जिसमें सोमवार को सुबह अज्ञात कारणों से आग लग जाने के कारण 8 बीघे का पुआल का ढेर पूरी तरह से जलकर राख हो गया। हालांकि सोमवार को सुबह भीषण कोहरा भी था। गांव से कुछ दूर पुआल का ढेर होने के कारण कोहरे में आग दिखाई भी नहीं दे रही थी। जब कोहरा छंटा तो लोगों ने देखा पुआल जल रही है। पीड़ित किसान उमाशंकर सिंह खेत पर पहुंचे तो देखा कि पूरा पुआल जल चुका था। उन्होंने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची लेकिन तब तक पुआल का ढेर पूरी तरह से जलकर राख हो गया था। किसान उमाशंकर सिंह ने बताया कि मेरे द्वारा पुआल जल जाने की सूचना हल्का लेखपाल को दे दी गई है। हल्का लेखपाल हरिश्चंद्र पटेल ने आश्वासन दिया है कि स्थलीय निरीक्षण कर विधिक कार्रवाई करते हुए क्षतिपूर्ति मुआवजा दिलाया जाएगा। किसानों ने बताया कि पशुओं का निवाला पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। अब पशुओं के चारे पानी के लिए भी दिक्कत होगी। किसानों ने आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।







