व्यापार मंडल मिश्रा गुट की मांग पर बदला नो-एंट्री का समय
सुबह 8 से 10 बजे व दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
FATEHPUR NEWS: हाल ही में एक युवा व्यापारी की सड़क दुर्घटना में हुई असमय मृत्यु के बाद नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर उठे जनआक्रोश के बीच प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। व्यापारी संगठनों की मांग पर उपजिलाधिकारी खागा अभिनीत कुमार ने नगर में भारी वाहनों की नो-एंट्री के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। पूर्व में शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक लगाए गए प्रतिबंध से नगरवासियों को, विशेषकर स्कूली बच्चों को, जाम और दुर्घटनाओं से राहत नहीं मिल पा रही थी। इसे लेकर उ० प्र० उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के प्रांतीय मंत्री प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में शनिवार को दर्जनों व्यापारियों ने एसडीएम को पाँच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नो-एंट्री का समय बदलने, मुख्य तिराहा व चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती, अवैध ई-रिक्शा पर रोक, फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने तथा दुर्घटना में मृत व्यापारी हुकुमचंद्र के परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई। व्यापारियों की मांग पर तत्काल निर्णय लेते हुए एसडीएम अभिनीत कुमार ने नो-एंट्री का समय दो चरणों में— सुबह 8 से 10 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों के नगर प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया। साथ ही मृतक की पत्नी सुषमा देवी एवं उनकी चार पुत्रियों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन को भी स्वीकार कर लिया गया। अन्य मांगों पर एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इस अवसर पर युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष रितेश पांडेय, केशलाल नामदेव, अनूप कौशल, सरोज पांडेय, पंकज गुप्ता, नीरज मोदनवाल, सुरेंद्र शर्मा (एसके लाइट), इसराइल फारूकी एडवोकेट, नसीम घोसी, राजेश साहू, मोहसिन राइन, राम नारायण विश्वकर्मा, आशुतोष मोदनवाल, अंशु गुप्ता, आशीष मोदनवाल, हेमचंद्र शर्मा एडवोकेट, राजू सोनी, आशीष लोधी उर्फ सारंग, ओम जी, पवन केशरवानी, हबीब उल्ला, कामिल अली, राम आसरे, श्यामू, दीपू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।







