शीघ्र ही जनपद में वृहद युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा – सिम्पल
FATEHPUR NEWS: मकर संक्रांति के अवसर पर अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद द्वारा हीरा लॉज, कलक्टरगंज में खिचड़ी सहभोज एवं सामाजिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैश्य समाज को एकजुट रहने, आपसी समरसता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का संदेश देना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व न्याय मंत्री राधेश्याम गुप्ता ने मकर संक्रांति के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व एकता और संगठन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति उत्तरायण की शुभ शुरुआत का प्रतीक है, जो आत्मिक साधना और सकारात्मक प्रयासों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसी प्रकार समाज को भी संगठित होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है, तभी सामाजिक शक्ति सशक्त बन सकती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिषद के जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि जिस प्रकार दाल और चावल मिलकर खिचड़ी बनती है, उसी प्रकार समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर समाज और राष्ट्र के विकास में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। परिषद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज को उपवर्गों के भेदभाव को समाप्त कर रोटी-बेटी के संबंध स्थापित करने होंगे, तभी समाज सामाजिक रूप से सशक्त होकर आगे बढ़ सकेगा। गोष्ठी को संबोधित करते हुए युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरन सिंपल ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शीघ्र ही जनपद में वृहद युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा संगठित होकर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करें। वहीं व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहा कि समाज को राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों को उच्च शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है, तभी समाज सशक्त बनेगा। कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए जिला महामंत्री विनय गुप्ता ‘फौजी’ ने बताया कि शीघ्र ही मासिक बैठकों की शुरुआत की जाएगी और आने वाले समय में जनपद भ्रमण कर वैश्य समाज को संगठित करने का अभियान चलाया जाएगा। गोष्ठी के उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने खिचड़ी, पापड़ और सलाद का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता रस्तोगी, राम विशाल गुप्ता, जगदीश प्रसाद गुप्ता, वेद प्रकाश गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, नारायण गुप्ता, महिला जिलाध्यक्ष उमाशरन गुप्ता, मनीषा गुप्ता, नीता गुप्ता, संजीव गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, चंद्र प्रकाश गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, सत्येंद्र गुप्ता, गुरु शरण गुप्ता, सुशील गुप्ता ‘फौजी’, मनोज साहू, अनीत अग्रहरि, आशीष केसरवानी, विनोद मोदनवाल, सतीश साहू, सौनक गुप्ता, अमित गुप्ता, मनोज सोनी, गौरव गुप्ता एडवोकेट, निर्भय गुप्ता, जेपी वैश्य, गौरी शंकर गुप्ता, मुकेश जायसवाल, अशोक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने मकर संक्रांति के माध्यम से संगठन, समरसता और सामाजिक एकता का मजबूत संदेश दिया।







