एनसीसी मोहम्मदपुर गौंती और वलीद इलेवन अफोई के बीच हुई खिताबी भिड़ंत
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील के एरायाँ विकासखंड अंतर्गत शोहदमऊ स्थित महोटी क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल महामुकाबला बुधवार को बेहद रोमांचक अंदाज़ में संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में एनसीसी क्रिकेट ग्राउंड मोहम्मदपुर गौंती और वलीद इलेवन अफोई की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों टीमों ने जीत का वर्चस्व कायम करने के लिए दमखम झोंक दिया, जिससे मैदान पर क्रिकेट प्रेमियों को भरपूर रोमांच देखने को मिला। फाइनल मैच को देखने के लिए क्रिकेट ग्राउंड के चारों ओर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर चौके-छक्के पर दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और पूरा माहौल खेल भावना से सराबोर नजर आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फाइनल मुकाबले में वलीद इलेवन अफोई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 174 रन बनाए और एनसीसी मोहम्मदपुर गौंती को जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य दिया। अफोई इलेवन की ओर से बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन विपक्षी गेंदबाजों ने भी कड़ा संघर्ष किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनसीसी मोहम्मदपुर गौंती की टीम ने शुरू से ही आक्रामक तेवर अपनाए। टीम ने मात्र 12 ओवरों में 175 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम की इस जीत में सत्यम पटेल की धमाकेदार पारी निर्णायक साबित हुई। सत्यम पटेल ने 32 गेंदों पर 71 रनों की शानदार पारी खेलते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। वहीं फाइनल मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ओसामा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया, जिनकी अहम भूमिका से मोहम्मदपुर गौंती की टीम को जीत मिली। क्रिकेट टूर्नामेंट कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अरुण केशकर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। फाइनल मुकाबले के समापन के साथ ही टूर्नामेंट का समापन उत्साह, खेल भावना और भाईचारे के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की बात कही। इस खेल समारोह के दौरान आयोजन समिति के सदस्य अलोक सिंह (गोलू), कमेटी अध्यक्ष मोनू खान, कमेटी कार्यकर्ता राजेंद्र पटेल, जीशान, रतनलाल, दिनेश पाल, जुनैद खान, कैलास पटेल, गौसूल (पुन्नू), इसरार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सफल आयोजन के लिए एक-दूसरे को बधाई दी।







