Home उत्तर प्रदेश आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, घर पर प्रसव पर...

आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, घर पर प्रसव पर जिम्मेदारी तय

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी को क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान सेंटर समय से खोलने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि जो आशा डिलीवरी नहीं करा रही हैं, उन्हें चिन्हित कर नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी हाल में घर पर प्रसव नहीं होना चाहिए। सभी गर्भवती महिलाओं का प्रसव अस्पताल में ही सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित एमओआईसी जिम्मेदार होंगे। एनबीएसयू को 24 घंटे सक्रिय रखने और सभी एमओआईसी को वार रूम का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। बीएचएनडी दिवस में कम एचआरपी वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर बेहतर इलाज व सावधानी बरतने की सलाह देने को कहा गया। एएनएम, आशा और सीएचओ को सभी आवश्यक किट उपलब्ध कराने तथा बीएचएनडी दिवस में संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। कार्य में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर, सीएचओ, आशा और एएनएम के विरुद्ध नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया। टीकाकरण का शत-प्रतिशत डाटा फीडिंग कराने, सही मोबाइल नंबर दर्ज करने और किसी भी तरह की लापरवाही न करने के निर्देश दिए गए। एएनएम और आशा के साथ नियमित बैठक कर कार्य न करने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने अनटाइड फंड, परिवार नियोजन, टीकाकरण अभियान, पीसीपीएनडीटी, रोगी कल्याण समिति और हेल्थ वेलनेस सेंटर की भी समीक्षा की। ई-संजीवनी के माध्यम से अधिक से अधिक मरीजों को टेलीमेडिसिन सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशान न किया जाए। सभी विकास खंडों में पब्लिक नोटिफिकेशन के माध्यम से लक्षणयुक्त टीबी मरीजों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। इमरजेंसी में रेफरल रजिस्टर बनाए जाने और मातृ-शिशु मृत्यु दर की समीक्षा भी की गई। संभव अभियान की समीक्षा के दौरान सैम व मैम बच्चों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी रजत कुमार चौरसिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ए के झा, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक दयाशंकर यादव, डैम राजेश मिश्रा, डीसीपीएम सहित समस्त सीएचसी/पीएचसी के एमओआईसी, बीपीएम, बीसीपीएम और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।