PRAYAGRAJ NEWS: विकर पब्लिक जूनियर हाई स्कूल के वार्षिक खेलकूद समारोह में यलो हाउस ने 51 अंक लेकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। ब्लू हाउस 36 अंक के साथ दूसरे और रेड हाउस 27 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। कैंट फुटबाल मैदान पर मंगलवार को सम्पन्न हुए समारोह की शुरुआत चारों हाउस के मार्च पास्ट से हुई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत के बाद रंगारंग प्रस्तुति से सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। इस दौरान पीटी डिस्प्ले, और 100, 200, 400 मीटर दौड़ के अलावा अन्य स्पर्धाएं भी हुईं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अनुशासन, खेल भावना तथा टीम वर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छावनी परिषद इलाहाबाद के मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद समीर इस्लाम ने पुरस्कार वितरित किये। विद्यालय की प्रधानाचार्या कल्पना शर्मा एवं विद्यालय समन्वयक एवं कैप्टन एके सिन्हा ने मुख्य अतिथि का स्मृति देकर स्वागत किया। शिक्षिका सुरभि दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन एवं खेल शिक्षक नर्मदा चैहान एवं जितेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया।







