ETAWA NEWS: यू०पी०ए० चेयरपर्सन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं पार्टी को नई दिशा प्रदान करने वाली सोनिया गांधी के जन्मदिवस पर जनपद इटावा में कांग्रेसजनों ने सेवा कार्यों के माध्यम से उत्सव मनाया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न अस्पतालों और आश्रमों में मरीजों व जरूरतमंदों को फल वितरित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। विकासखंड भरथना के सरकारी अस्पताल में ज़िला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मरीजों को फल वितरित किए और सोनिया गांधी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में नगर के भीमराव अंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय में शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद की अगुवाई में कांग्रेसजनों ने मरीजों को फल वितरित कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया। पीसीसी सदस्य प्रशांत तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सरोज वृद्धा आश्रम पहुंचे, जहां बुजुर्गों को फल एवं मिष्ठान वितरित कर सोनिया गांधी का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। फल वितरण कार्यक्रम में पूर्व ज़िला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव, कोमल सिंह कुशवाहा, संजय दोहरे, प्रेरणा ज़ुबैरी, सचिन शंखवार, शौज़ेव रिज़वी, आसिफ जादरान, डॉ. झब्बू लाल कुशवाहा एवं मोहसिन अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।







