ETAWA NEWS: भारत विकास परिषद इटावा तुलसी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पखवाड़ा के अन्तर्गत “मिशन शक्ति” जनजागरूकता गोष्ठी का आयोजन शीतल प्रसाद शोरावाल बालिका इण्टर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी सुरक्षा, सम्मान एवं जागरूकता पर विशेष ध्यान केंद्रित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय ने कहा – “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:” आज बेटियां शक्ति पुंज बनकर अपनी प्रतिभा से समाज में गौरव बढ़ा रही हैं। शासन-प्रशासन का प्रयास है कि मातृशक्ति को सुरक्षित व स्वावलंबी बनाया जाए। यदि बेटियां शिक्षा में एकाग्रचित्त रहकर आगे बढ़ें तो समाज और परिवार का मान-सम्मान बढ़ा सकती हैं। कार्यक्रम संयोजिका सुशीला राजावत ने कहा कि समाज की पुरुष सत्तात्मक सोच को बदलने के लिए बेटियों को निडर और सबल बनने की आवश्यकता है। उन्होंने सावधान करते हुए कहा कि बेटियां अनजान व्यक्तियों से मित्रता न करें और सतर्कता बनाए रखें। प्रधानाचार्य सुमन यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बेटियों के शिक्षित होने पर जोर दिया और कहा कि यही सभ्य समाज निर्माण का आधार है। वरिष्ठ सदस्य प्रीतम खन्ना ने बालिकाओं से कहा कि असुरक्षित महसूस होने पर चुप न रहें, शोर मचाएं और तुरंत हेल्पलाइन 1090 पर कॉल करें, जिसमें पहचान गोपनीय रखी जाती है। मंच संचालन व आयोजन में अशोक अग्निहोत्री, राहुल चौहान, मौसमी पाल, शशि दीक्षित, आशा अग्निहोत्री, शमीम बेगम, अनीता वर्मा, अंजू चौधरी, पंकज कुमार सिंह चौहान सहित परिषद सदस्यों एवं विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।







