महिलाओं एवं बालिकाओं को किया गया जागरूक
JALAUN NEWS: कुठौंद थाना क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनसे संबंधित अपराधों पर रोकथाम लगाने तथा उन्हें सुरक्षित माहौल प्रदान करने के उद्देश्य से एंटी रोमियो अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य मकसद महिलाओं व किशोरियों को निडर होकर शिक्षा और अन्य गतिविधियों में भाग लेने का अवसर प्रदान करना है।
कुठौंद कस्बे में गठित एंटी रोमियो टीम ने कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया। टीम ने खासतौर पर भीड़भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों, मंदिरों, स्कूलों, कोचिंग सेंटरों, कॉलेजों और बाजारों में जाकर चेकिंग की। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई और मनचलों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
महिलाओं और बालिकाओं को इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी 112, और अन्य सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने युवतियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि) का सतर्क और जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय, एसएसआई सुजीत मिश्रा, महिला कांस्टेबल एवं अन्य पुलिसकर्मी अभियान में सक्रिय रूप से मौजूद रहे। टीम ने जगह-जगह जाकर लोगों को जागरूक किया और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्रता या अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं से अपील की गई कि वे सभ्य आचरण अपनाएँ और समाज में महिला सुरक्षा का सम्मान करें। वहीं, महिलाओं व बालिकाओं से कहा गया कि वे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें और बेझिझक हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें।इस अभियान के दौरान कुठौंद पुलिस ने यह संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।







