समग्र फतेहपुर विमर्श संपर्क संवाद हसवा में सम्पन्न
FATEHPUR NEWS: आगामी “मेरा फतेहपुर – मैं ही सवारूंगा” समग्र फतेहपुर विमर्श कार्यशाला को लेकर जिलेभर में तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में विकास खंड हसवा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें कार्यशाला की रूपरेखा, सुझाव एकत्र करने की प्रक्रिया और दस्तावेज़ तैयार करने के बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान ने कहा कि हसवा ब्लॉक के हर गाँव और कस्बे की समस्याएँ इस दस्तावेज़ में शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की बुनियादी आवश्यकताओं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क, रोजगार और पेयजल को प्राथमिकता दी जाएगी, जनता की समस्याओं को सामने लाना और उन्हें सरकार तक पहुँचाना ही इस कार्यशाला का उद्देश्य है। इस दौरान बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय बुंदेलखंडी ने अपने संबोधन में कहा कि समग्र फतेहपुर विमर्श केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनपद की दिशा बदलने का अभियान है। जब तक जनता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और पत्रकार एकजुट होकर आवाज़ नहीं उठाएंगे, तब तक फतेहपुर अपने हक़ से वंचित रहेगा। उन्होंने बताया कि समिति कार्यकर्ताओं ने 12 सितंबर से 11 अक्टूबर तक जिले के सभी नगरों और विकास खंडों में जाकर जनता से संवाद की प्रक्रिया शुरू की है। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री यज्ञेश गुप्ता ने कहा कि इस विमर्श का मकसद फतेहपुर के हर तबके को जोड़ना है। शिक्षा, रोजगार, किसानों की आय, आधारभूत ढांचा और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है। जनता से मिले सभी सुझावों को समेटकर एक विस्तृत दस्तावेज़ तैयार किया जाएगा, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा जाएगा। बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों, पत्रकार बंधुओं और ग्रामीण प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने शिक्षा संस्थानों की कमी, किसानों के लिए समर्थन मूल्य की गारंटी, रोजगारपरक प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, सड़क और पुलों के सुगमीकरण जैसी मांगें रखीं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने 12 अक्टूबर को फतेहपुर नगर में होने वाली कार्यशाला को ऐतिहासिक बनाने और जिले की दिशा बदलने के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में कमल साहू, घुन्नू सिंह, राजेश कुमार, महेश, जवाहर लाल, नितिन शुक्ला, जयकरन, सीताराम, नन्हा, अनिल कुमार, पंकज सिंह, राकेश कुमार आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे हैं l







