Home उत्तर प्रदेश अधिकारियों की लापरवाही से नगर का धार्मिक सद्भाव बिगड़ने की जताई आशंका

अधिकारियों की लापरवाही से नगर का धार्मिक सद्भाव बिगड़ने की जताई आशंका

JAUNPUR NEWS: मछलीशहर नगर पंचायत में सामूहिक रूप से अवैध निर्माण को लेकर विधायक डॉ. रागिनी ने अनुसूचित, अनुसूचित जनजाति तथा विमुक्त जाति सम्बधी संयुक्त समिति, विधानमण्डल को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। विधायक डॉ. रागिनी ने दिए गये पत्र में बताया है कि नगर पंचायत मछलीशहर के मोहल्ला पुरानी बाजार कस्बा खास में सड़क की पटरी एवं नाले पर बाउंड्रीवॉल बनाकर अवैध निर्माण किया गया है, जिसके कारण सड़क सकरी हो गई है और नाले का प्रवाह बाधित होकर बरसात के दिनों में जल भराव एवं गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पूर्व भी ऐसा ही मामला सामने आ चुका है और उस समय भी इस मामले को हिन्दू-मुस्लिम विवाद का रूप देने का प्रयास किया गया था। उन्होंने अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे नगर की शांति व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा बन रहा है।
विधायक अवगत कराया कि इसका सबसे अधिक खामियाजा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के समाज को उठाना पड़ रहा है, क्योंकि वे इस नगर में बड़ी संख्या में निवास करते हैं जिससे जल भराव, गंदगी तथा सामाजिक तनाव की समस्या से सीधे प्रभावित होते हैं।  उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध उचित कार्यवाही सुनिश्चित करने, रोड तथा नाले पर हुए अवैध निर्माण को तत्काल हटवाकर पूर्व स्थिति में बहाल कराने की मांग की है। विधायक ने आशंका जताई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो नगर की शान्ति व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द का खतरा उत्पन्न हो सकता है।