Home उत्तर प्रदेश जौनपुर में आकाशीय बिजली का कहर, तीन की दर्दनाक मौत

जौनपुर में आकाशीय बिजली का कहर, तीन की दर्दनाक मौत

बिजली गिरने से दो बच्चों और एक किसान की मौत, गाँव में मातम

JAUNPUR NEWS: जिले में बुधवार की सुबह तीन परिवारों के लिए काल साबित हुई। आसमान से गिरी आफत ने जहाँ दो मासूम बच्चों की किलकारियाँ हमेशा के लिए खामोश कर दीं, वहीं खेत में काम कर रहे एक किसान को भी निगल लिया। घटनाओं के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गौर गाँव में हल्की बारिश के बीच खेल रहे 14 वर्षीय किशन बनवासी और 12 वर्षीय अतुल बनवासी पास के एक शीशम के पेड़ के नीचे जा खड़े हुए। अचानक गिरी बिजली ने दोनों मासूमों की जान ले ली। खेल का मैदान देखते ही देखते मातम में बदल गया और परिजनों की खुशियाँ सदमे में डूब गईं। वहीं खेतासराय थाना क्षेत्र के नोनारी भुड़कुड़हा गाँव में 50 वर्षीय किसान बहादुर खेत में काम कर रहे थे। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।