Home उत्तर प्रदेश महिला ने ठेकेदार पर लगाया 80 हजार रुपये हड़पने का आरोप

महिला ने ठेकेदार पर लगाया 80 हजार रुपये हड़पने का आरोप

दिव्यांग महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

FATEHPUR NEWS: थाना कल्यानपुर क्षेत्र के ग्राम चौडगरा निवासी एक दिव्यांग महिला ने एक मिस्त्री पर पैसे लेने के बाद काम छोड़कर भाग जाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम चौडगरा निवासी पूनम देवी पत्नी जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाया है कि उसने अपने मकान में टाइल्स लगवाने, प्लास्तर करवाने व अन्य निर्माण कार्य के लिए थरियांव थाना क्षेत्र के बीबीहाट निवासी मिस्त्री दिलीप पुत्र रामखेलावन को एक लाख पांच हजार रुपए में ठेका दिया था। इसके तहत 10 अप्रैल 2025 से मकान का काम शुरू हुआ और 21 जून 2025 तक उसे 80 हजार रुपये का भुगतान भी किया गया।
पीड़िता का आरोप है कि मिस्त्री दिलीप ने आंशिक काम करने के बाद बीच में ही कार्य अधूरा छोड़ दिया और दोबारा संपर्क करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं, महिला द्वारा विरोध करने पर उसने झूठे मुकदमे में फँसाने की भी धमकी दी। पूनम देवी का कहना है कि वो पैर से विकलांग है और उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। उसका पति ढाबे पर नौकरी करता है और बड़ी मुश्किल से पैसे जोड़कर मकान निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था। अब ठेकेदार द्वारा धोखाधड़ी करने से परिवार संकट में है। पीड़िता ने एसपी से मामले की जांच कराकर ठेकेदार दिलीप के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और हड़पे गए 80 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है।