Home उत्तर प्रदेश नेपाल में अंतरिम सरकार बनने की उम्मीद, हालात सामान्य होने की ओर

नेपाल में अंतरिम सरकार बनने की उम्मीद, हालात सामान्य होने की ओर

कृष्णानगर नेपाल की 30% दुकानें खुलीं, काठमांडू समेत बड़े शहरों में अब भी कर्फ्यू जैसे हालात

SIDHARTHNAGAR/BADNI NEWS: नेपाल में हालिया राजनीतिक संकट और तख्तापलट के बाद हालात धीरे-धीरे पटरी पर लौटते दिख रहे हैं। भारत-नेपाल सीमा से सटे कृष्णानगर नेपाल में शुक्रवार को करीब 30 प्रतिशत दुकानें खुलीं। हालांकि, ग्राहकों की संख्या बेहद कम रही और कारोबारी गतिविधियां सुस्त दिखीं। उधर, नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत पोखरा, बिराटनगर, नेपालगंज, भैरहवा, दांग और रूपनदेही जैसे बड़े शहरों में अब भी कर्फ्यू जैसे हालात कायम हैं।
बड़े शहरों में सन्नाटा, सुरक्षा बल तैनात
काठमांडू की गलियां वीरान हैं और प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा बलों का पहरा लगा हुआ है। पोखरा और बिराटनगर में भी दिनभर पुलिस और अर्धसैनिक बल गश्त करते रहे। नेपालगंज, भैरहवा और दांग जैसे जिलों में लोग घरों में दुबके रहे। स्कूल-कॉलेज बंद रहे और सरकारी दफ्तरों पर ताले जमे रहे। सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित है।
सुशीला कार्की के नाम पर सहमति, जल्द बन सकती है अंतरिम सरकार
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की के नाम पर सहमति बनने की संभावना है। शुक्रवार देर रात या शनिवार सुबह तक उनका शपथ ग्रहण कर अंतरिम सरकार बन सकती है। इसके बाद राजनीतिक अस्थिरता में कमी आने और देशभर में हालात सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थिरता लौटने की उम्मीद, बाजार में रौनक की आस
विशेषज्ञ मानते हैं कि अंतरिम सरकार बनने के साथ ही नेपाल की जनता को राहत मिलेगी। व्यापारी वर्ग का कहना है कि राजनीतिक स्थिरता आते ही कारोबार फिर से पटरी पर लौटेगा। सीमावर्ती बाजारों, खासकर कृष्णानगर और भैरहवा की मार्केट में भी रौनक लौटने की पूरी संभावना है। आमजन अब केवल शांति और सामान्य जीवन की बहाली की प्रतीक्षा कर रहे हैं।