BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।आरोपी सूरज कनौजिया (28) गैंजहवा का रहने वाला है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे मेवालाल हनुमान मंदिर के पास घेरा। भागने की कोशिश में वह दीपवा बाग के पास झाड़ियों में गिर गया। इस दौरान उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। बाद में पुलिस ने उसे कब्रिस्तान तिराहे से पकड़ लिया।आरोपी के पास से सफेद धातु के 7 सिक्के, 2 जोड़ी पायल, सोने की एक जोड़ी कान की टप्स और एक पर्स बरामद हुआ। पर्स में आधार कार्ड और 180 रुपये नकद थे। पूछताछ में सूरज ने बताया कि वह रक्षाबंधन के दिन ही जेल से छूटा था। इसके बाद उसने भगौतीगंज, तुलसीपार्क और गोपियापुर में चोरियां कीं। चोरी का सामान बेचकर वह नशे की लत पूरी करता था। उसका भाई सोनू इस समय गोंडा जेल में है। भाई को छुड़ाने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए वह फिर से चोरी की योजना बना रहा था। सूरज के खिलाफ बलरामपुर और दिल्ली के विभिन्न थानों में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, डकैती, आगजनी और शस्त्र अधिनियम की धाराएं शामिल हैं। गिरफ्तारी में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह और कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी की टीमें शामिल रहीं।







