MIRZAPUR NEWS: पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लालाहो अलैहि वसल्लम की विलादत पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में प्रेम और सेवा का अनूठा नज़ारा देखने को मिला। बाग कुंजलगिरी बगीचा, इमामबाड़ा के पास अल मोहम्मदी फ्रेंड कमेटी के सदस्यों ने जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों के बीच शर्बत, बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट, पानी सहित 20 से अधिक किस्म की सामग्री बाँटकर इंसानियत का संदेश दिया। हसनैन अंसारी की अगुवाई में आयोजित इस सेवा कार्य में दरिया-दिली की मिसाल पेश की गई। जुलूस में शामिल लोगों के साथ-साथ आने-जाने वाले राहगीरों को भी भोजन एवं पेय सामग्री देकर यह संदेश दिया गया कि कोई भी भूखा न रहे। जगह-जगह शरबत और मिठाइयाँ बाँटी जाती रहीं। इस अवसर पर राजू अली, वारिस चूड़ीहार, मुन्ना अली, सद्दाम कुरैशी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे और बहुत से लोगों ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।







