MIRZAPUR NEWS: मंगलवार को थाना कोतवाली कटरा पुलिस ने नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। 23 अगस्त 2025 को गेहन मित्र पुत्र सृष्टि नारायण मिश्र निवासी आवास विकास कॉलोनी मीरजापुर ने थाना कोतवाली कटरा ने इन दो अभियुक्तों के विरुद्ध शिक्षा विभाग में संविदा के विभिन्न पदों पर नौकरी और इंटरव्यू के नाम पर पैसों की ठगी करने के मामले में शिकायत दर्ज कराई थीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त दोनों आरोपियों पर धारा 318(4), 319(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना प्रभारी कटरा को अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर अश्वनी कुमार ग्राम दूनैया पाण्डेय, पोस्ट हरिहरपुर वेदौली, थाना पड़री, जनपद मीरजापुर व दीपचन्द्र कश्यप ग्राम लखनपुर, थाना चिल्ह, जनपद मीरजापुर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से 39,900 रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनके अन्य साथी भी हैं और वे लोग गिगेह बनाकर कर्मयोगी पोर्टल पर रजिस्टर्ड लोगों के डाटा प्राप्त कर संविदा के विभिन्न पदों पर नौकरी की फर्जी सूची तैयार करते थे। इस सूची में मीरजापुर और आसपास के जनपदों के अभ्यर्थियों के नाम शामिल थे। तीन फर्जी सूची तैयार की गई थी, जिसमें कुल 1318 अभ्यर्थियों के नाम थे।
प्रत्येक सूची में क्रमशः 1171, 54 और 93 अभ्यर्थियों के नाम थे। अभियुक्तों ने अभ्यर्थियों से फोन पर संपर्क कर नौकरी में नियुक्ति की फर्जी खबर बताकर इंटरव्यू का टोकन मनी के नाम पर पैसे की ठगी करते थे। अभियुक्तों ने कुल 1 करोड़ रुपये की वसूली का टार्गेट रखा था. अब तक वे 1.5 लाख रुपये की वसूली कर चुके थे। गैंग का मुख्य सदस्य लखनऊ के गोमती नगर में फर्जी दस्तावेज के आधार पर एक कंपनी का रजिस्ट्रेशन करा रखा है। अभियुक्तों ने अवैध कार्यों से प्राप्त धन को आपस में बांट लिया करते थे।







