JAUNPUR NEWS: जौनपुर कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र भी मौजूद रहे। बैठक में गोवंश के भरण-पोषण, प्रबंधन, स्वास्थ्य जांच और वर्मी कंपोस्ट निर्माण पर चर्चा हुई। श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि सभी गोशालाओं में नेपियर घास, हरा चारा और पौष्टिक आहार की व्यवस्था हो, साथ ही जलभराव की समस्या किसी भी हाल में न रहे। उन्होंने छोटे गोवंशों के लिए अलग देखभाल और नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि नेपियर घास की बुवाई एक सराहनीय पहल है, जिससे चारे की समस्या दूर होगी। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, परियोजना निदेशक, पशु चिकित्सा अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।







