Home उत्तर प्रदेश प्रदेश सरकार कालीन निर्यातकों को दे 10 फीसदी प्रोत्साहन राशि:जाहिद बेग

प्रदेश सरकार कालीन निर्यातकों को दे 10 फीसदी प्रोत्साहन राशि:जाहिद बेग

जिला मुख्यालय पर अधिवक्ताओं को बैठने की व्यवस्था के लिए धन जारी नहीं किया गया तो सड़क पर उतरकर करेंगे आंदोलन

BHADOHI NEWS: समाजवादी पार्टी विधायक जाहिद बेग ने भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा भारतीय कालीन उद्योग पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने से उद्योग संकट में है। उद्योग को बचाने के लिए प्रदेश सरकार कालीन निर्यातकों को 10 फीसदी प्रोत्साहन राशि दे। उक्त बातें विधायक श्री बेग बुधवार को नगर के मालिकाना मोहल्ले में स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। विधायक ने बताया कि भारतीय हस्तनिर्मित कालीन का 98 फीसदी उत्पाद निर्यात होता है। इसमें अमेरिका की हिस्सेदारी 60 फीसदी की है। नए टैरिफ से अमेरिका को होने वाला निर्यात प्रभावित होगा। श्री बेग ने जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देते हुए कहा कि जब इतने छोटे से राज्य की सरकार अपने यहां के कालीन निर्यातकों को 10 फीसदी प्रोत्साहन राशि देती है। तो फिर उत्तर प्रदेश की सरकार कालीन निर्यातकों को प्रोत्साहन राशि क्यों नहीं दे रही है। जबकि सरकार खुद एक जिला एक उत्पाद की बात कर रही है। उन्होंने यूपी सरकार से भी ऐसी ही मदद की मांग की है। विधायक ने कलेक्ट्रेट में अधिवक्ताओं की बैठने की व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता तिरपाल के नीचे बैठने को मजबूर हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है। श्री बेग ने चेतावनी दी कि अगर एक महीने में अधिवक्ताओं की बैठने की व्यवस्था के लिए धन जारी नहीं किया गया और कालीन उद्योग को प्रोत्साहन राशि नहीं दी गई तो वे सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सपा जिला सचिव राजकुमार यादव, हरिश्चंद्र, अयूब अंसारी, शैलेश यादव, सुनील यादव लायन व सुरेश यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।