Home उत्तर प्रदेश डीएम के निर्देश पर खाद केंद्रों पर अचानक छापेमारी से मचा हड़कंप

डीएम के निर्देश पर खाद केंद्रों पर अचानक छापेमारी से मचा हड़कंप

खाद कालाबाजारी करने वालों की अब खैर नहीं

MIRZAPUR NEWS: जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश एवं एडीएम अजय कुमार सिंह के निर्देशन पर बुधवार को एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने नवीन मंडी समोगरा में स्थित खाद केंद्रों व सहकारी समितियों पर छापेमारी की। अचानक छापेमारी की कार्रवाई से मंडी परिषद और संबद्ध दुकानों पर हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान एसडीएम ने केंद्र प्रभारी संजय त्रिपाठी को कड़े निर्देश दिए और स्पष्ट चेतावनी दी कि खाद की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सीधी एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। एसडीएम सदर ने मौके पर मौजूद किसानों से भी संवाद किया और उनसे यूरीया उपलब्धता की जानकारी ली। किसानों को आश्वस्त किया गया कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी, एडीओ एजी व सीटी ब्लॉक अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम स्वयं खड़े रहकर किसानों को व्यवस्थित तरीके से खाद वितरण कराते रहे, जिससे किसान संतुष्ट नजर आए। गौरतलब है कि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने चार्ज संभालने के बाद से ही सख्त तेवर अपना रखे हैं। किसानों का कहना है कि जिलाधिकारी की इस कार्यशैली से उन्हें राहत मिल रही है और अब कालाबाजारी करने वालों की नींद हराम है।