JALAUN NEWS: कुठौन्द थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर में गुरुवार देर रात झगड़े की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस टीम पर झगड़ा कर रहे लोगों ने हमला कर मारपीट करते हुए उनकी बर्दी फाड़ कर कानून को खुली चुनौती दी है। प्राप्त विवरण के अनुसार कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर में झगड़े की सूचना मिलने पर रात लगभग 10:30 बजे जब डायल 112 (PRV 1594) की टीम पर पहुंची थी। पुलिस को आया देख झगड़ा कर रहे लोगों ने पुलिस के जवानों को घेर कर मारपीट कर दी एवं उनकी वर्दी फाड़ दी। बताया जाता है कि पीआरवी में तैनात कांस्टेबल अंकित पटेल, नरेंद्र कुमार और चालक होमगार्ड जितेंद्र तिवारी रात्रि ड्यूटी पर थे ।रात10:23 बजे अनुज कुमार राजपूत ने सूचना दी कि उसका भाई रामू शराब के नशे में उससे गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने कॉल करने वाले अनुज से मिलकर रामू को बुलाया। रामू जैसे ही घर से बाहर आया, उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच रामू का दूसरा भाई श्यामू भी वहां आ गया। देखते ही देखते रामू, श्यामू, अनुज, उनकी मां गायत्री देवी और दो अज्ञात महिलाओं ने मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और उनकी वर्दी फाड़ दी। स्थिति बिगड़ते देख पुलिसकर्मी वाहन में बैठकर जान बचाने की कोशिश करने लगे। लेकिन हमलावरों ने वाहन में घुसकर मारपीट जारी रखी। मौके से तत्काल कुठौंद थाने को सूचना दी गई।
जब थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। कांस्टेबल अंकित पटेल ने घटना की लिखित शिकायत थाने में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।







