ज़हरीले जानवर व सांपों का खतरा, मच्छरों का प्रकोप बढ़ा
JALAUN NEWS: उरई तहसील अंतर्गत ग्राम औंता में नहर के पानी का अति प्रवाह ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। नहर की क्षतिग्रस्त सीमा से आसपास के क्षेत्र में जलभराव हो गया है। इससे ग्रामीणों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में स्थित चकमार्ग खलियान से होकर किसान अपने खेतों तक जाते हैं। खलियान के पास नहर की सीमाएं टूट जाने के कारण पूरा रास्ता पानी में डूब चुका है। इससे किसानों की दैनिक कृषि गतिविधियां बाधित हो रही हैं। उनके सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है। स्थानीय ग्रामीण कुलदीप सिंह, पूरन सिंह, अनिल सिंह, अमित सिंह, लीलाराम और राघवेंद्र सिंह सहित अन्य ने अधिशासी अभियंता, नहर विभाग उरई को ज्ञापन दिया है। उन्होंने समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे बीमारियों और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। जहरीले कीट-पतंगे और सांपों के दिखने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। इन सबसे लोगों का जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर की क्षतिग्रस्त सीमा की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही जल निकासी की उचित व्यवस्था करने को कहा है। उनका कहना है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।







