JALAUN NEWS: कोंच कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दाढ़ी गांव से होकर गुजरने वाले मलंगा नाले में गुरुवार को नहाने गई कक्षा 6 की छात्रा रुचि का शव 26 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार को घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर मछली पालन केंद्र के पास एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने बरामद किया।
ज्ञात हो कि गुरुवार को 12 वर्षीय कक्षा 6 की छात्रा रुचि पुत्री दयाशंकर अहिरवार निवासी ग्राम दाड़ी, कोतवाली कोंच अपनी सहेलियों के साथ मलंगा नाले में नहाने गई थी। लेकिन पानी के तेज बहाव में वह बह गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते समय रुचि का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहती चली गई। सहेलियों ने तुरंत गांव में शोर मचाया, जिसके बाद परिजन, ग्रामीण और पुलिस-प्रशासन घटनास्थल पर पहुंचे।
तेज बहाव और उफनते नाले के कारण बचाव कार्य में काफी बाधाएं आईं। पुलिस और गोताखोरों ने कई घंटे तक खोजबीन जारी रखी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। शुक्रवार को एसडीआरएफ टीम ने वोट की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार बच्ची का शव घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर की दूरी पर स्थित मछली पालन केंद्र के समीप झाड़ियों में फंसा हुआ मिला।
घटनास्थल पर कोंच एसडीएम ज्योति सिंह, सीओ परमेश्वर प्रसाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार पांडे, सुराही चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित समेत पुलिस और प्रशासन की पूरी टीम मौजूद रही। शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। रुचि के माता-पिता बेसुध हैं और गांव के लोग भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।
इस मामले में कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि किशोरी के शव को एसडीआरएफ, गोताखोरों और पुलिस की मदद से बरामद कर लिया गया, फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं उन्होंने लोगों से अपील की है, कोई भी नाले के पास न जाए।







