ETAWA NEWS: ग्राम पंचायत अण्डावली कोकावली में गंदगी के चलते हालात नारकीय बन गए हैं। आंगनवाड़ी केंद्र व प्राथमिक विद्यालय के सामने कचरे के ढेर लगे हुए हैं तो वहीं पंचायत घर के सामने भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जिनका स्वास्थ्य भी खतरे में है। ग्रामवासियों का कहना है कि कई वर्षों से गांव में नियमित सफाई नहीं हुई। सफाई कर्मचारी महीनों से नदारद है और पंचायत स्तर से भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। नालियां बजबजा रही हैं, जगह-जगह कूड़े के ढेर बदबू फैला रहे हैं, मच्छरों के प्रकोप से डेंगू-मलेरिया जैसे रोगों का खतरा भी मंडरा रहा है। स्थानीय निवासी रामपाल सिंह ने बताया कि कई बार प्रधान और अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन सुनवाई शून्य है। बच्चे गंदगी के बीच पढ़ने को मजबूर हैं। गांव के बुजुर्ग भी कहते हैं कि सफाईकर्मियों की तैनाती के नाम पर केवल कागज़ी खानापूर्ति होती है, हकीकत में गांव में कोई झाड़ू तक लगाने नहीं आता। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो वह ब्लॉक कार्यालय और जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि ग्राम पंचायत और जिम्मेदार अधिकारी इस गंदगी के ढेर पर कब अपनी आंख खोलते हैं या गांव वालों की मजबूरी यूं ही सड़ांध में दम तोड़ती रहेगी।







