Home उत्तर प्रदेश सीमा पर खाद तस्करी का प्रयास विफल, एसएसबी ने एक आरोपी को...

सीमा पर खाद तस्करी का प्रयास विफल, एसएसबी ने एक आरोपी को दबोचा

SIDHARTHNAGAR NEWS: सीमा पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में जुटी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं बटालियन की महादेव बुजुर्ग टीम ने बुधवार तड़के एक बड़ी कामयाबी हासिल की। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसएसबी ने बसंतपुर गांव से एक पिकअप वाहन से 60 बोरा अवैध खाद उतारते समय एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से सीमा पार से होने वाली खाद तस्करी पर लगाम लगने की उम्मीद है। कंपनी कमांडर रमेश कुमार ने बताया कि एसएसबी के आसूचना विभाग को गोपनीय जानकारी मिली थी कि सीमा से सटे बसंतपुर गांव में खाद से लदी एक पिकअप पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और उसे तत्काल सक्रिय कर दिया गया। बुधवार सुबह करीब 3 बजे, एसएसबी के जवान बसंतपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि एक पिकअप से खाद उतारी जा रही थी। जवानों को देखते ही खाद उतारने वाले लोग मौके से भागने लगे, लेकिन एसएसबी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर एक व्यक्ति को दबोच लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शौकत अली (42 वर्ष) पुत्र चौधरी, निवासी ग्राम मड़वा, थाना शोहरतगढ़ के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान वह मौके पर लदी खाद से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पिकअप की गहन तलाशी लेने पर उसमें 56 बोरा यूरिया और 4 बोरा सुपर उर्वरक सहित कुल 60 बोरा खाद बरामद हुई। एसएसबी ने बरामद खाद, पिकअप वाहन और गिरफ्तार आरोपी शौकत अली को अग्रिम कानूनी कार्यवाही के लिए कस्टम बढ़नी को सौंप दिया है। इस सफल कार्रवाई में सहायक निरीक्षक निकलर बंगांक, दिनेश कुमार यादव, सैफ अली और दुर भांवर एन सुर चंद्र सहित अन्य एसएसबी जवान शामिल रहे। एसएसबी की यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि सीमा पर चौकसी लगातार जारी है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।