SIDHARTHNAGAR NEWS: आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ में सावन के तीसरे सोमवार को शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कस्बा स्थित प्राचीन शोहरतनाथ शिव मंदिर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में लग गए। मंदिर प्रबंधन ने महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइनों की व्यवस्था की थी, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, भस्म और पुष्प अर्पित कर जलाभिषेक किया। पूरा मंदिर परिसर बोल बम और “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा। भक्ति और आस्था का यह क्रम दोपहर बाद तक अनवरत जारी रहा।
नगर पंचायत अध्यक्ष शोहरतगढ़ उमा अग्रवाल और उनके प्रतिनिधि रवि अग्रवाल की ओर से शिवभक्तों के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं को सूजी का हलवा और चने का प्रसाद वितरित किया गया।
शोहरतनाथ मंदिर में इतनी भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही और कहीं कोई अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से भगवान शिव के दर्शन कर पुण्य लाभ लेते नजर आए। शोहरतगढ़ के अलावा बढ़नी, खुनुवां, परसा और चिल्हियां क्षेत्र के शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव से अपने कष्टों के निवारण और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी।







