Home उत्तर प्रदेश डीएम ने निर्माण कार्यों में धीमी गति और घटिया सामग्री पर जताई...

डीएम ने निर्माण कार्यों में धीमी गति और घटिया सामग्री पर जताई नाराजगी

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सोमवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिसवा ग्रांट में निर्माणाधीन स्टेडियम, चोरई द्वितीय में मनरेगा पार्क और जगदीशपुर राजा में अटल बिहारी वाजपेयी पार्क का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर धीमी कार्य प्रगति और गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। विकास खंड नौगढ़ के ग्राम पंचायत सिसवा ग्रांट में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कार्य की धीमी गति पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्टेडियम का समस्त कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से 10 अगस्त 2025 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। इसके बाद, विकास खंड उसका बाजार के ग्राम पंचायत चोरई द्वितीय स्थित मनरेगा पार्क का निरीक्षण किया गया। यहां जिलाधिकारी ने कार्यों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। सबसे गंभीर स्थिति विकास खंड नौगढ़ के ग्राम पंचायत जगदीशपुर राजा में मनरेगा कन्वर्जेंस से बन रहे अटल बिहारी वाजपेयी पार्क में देखने को मिली। जिलाधिकारी ने यहां झूले, खेल सामग्री और अन्य उपकरणों की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल सचिव विमलकांत को निर्देश दिया कि खराब पाई गई सामग्री को अविलंब बदला जाए। इसके अतिरिक्त, पार्क में टीन शेड लगाने और वॉल पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, खंड विकास अधिकारी नौगढ़ सर्वेश मोहन, खंड विकास अधिकारी उसका बाजार और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।