पीड़ित किसान को करीब पचास हजार रुपये की फसल नष्ट, लालगंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
PRATAPGARH NEWS: खेत में लगी धान की फसल को जबरन नष्ट करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सराय जानमती गांव की है। गांव निवासी प्रेम नारायण ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 11 जुलाई की रात उसके खेत में खड़ी धान की फसल को पड़ोसियों ने ट्रैक्टर से जोत कर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। आरोप है कि घटना सुनियोजित ढंग से की गई और लगभग 50 हजार रुपये की फसल को जानबूझकर नष्ट कर दिया गया। प्रेम नारायण की शिकायत के आधार पर गांव के रामचंद्र पुत्र पंचम, सुनीता पत्नी रामचंद्र और अंकित पुत्र रामचंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में लालगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।







