घटना के बाद से फरार चल रहे थे आरोपी, पुलिस ने घर के पास से किया गिरफ्तार
PRATAPGARH NEWS: पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोहंडौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े गंभीर मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोहंडौर क्षेत्र में 6 जुलाई को वादिनी और उसके परिजनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट, जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी देने की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने 12 नामजद और 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस व एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1), 3(1)ध, 3(2)5क, 3(2)5 में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल और क्षेत्राधिकारी नगर शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोहंडौर धनंजय राय अपनी टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को उनके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है
1. सर्वेश मिश्रा उर्फ बन्ने मिश्रा (उम्र 38 वर्ष), निवासी धनुपुर, थाना लम्भुआ, जनपद सुल्तानपुर।
2. आजाद मिश्रा पुत्र मूलचंद्र मिश्रा उर्फ कप्तान (उम्र 19 वर्ष), निवासी पूरे कुमार, सूर्यगढ़, थाना कोहंडौर, जनपद प्रतापगढ़।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी धनंजय राय के साथ का0 संदीप कुशवाहा, का0 गौरव तिवारी व का0 सौरभ सिंह शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।







