SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शुक्रवार को जिले में चल रही कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं कुछ स्थानों पर धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी भी व्यक्त की।
शैक्षिक भवनों का जायजा
जिलाधिकारी ने सबसे पहले इटवा विकास खंड के राजकीय इंटर कॉलेज, इनरी ग्रांट का निरीक्षण किया। यहां निर्माणाधीन शौचालय, अतिरिक्त कक्षा कक्ष, प्रयोगशाला, मल्टीपर्पज हॉल और पुस्तकालय का जायजा लिया। इसके बाद, उन्होंने खुनियावं विकास खंड के राजकीय इंटर कॉलेज, पजौहा में बन रहे स्वच्छ पाइप पेयजल सुविधा, शौचालय, अतिरिक्त कक्षा कक्ष, प्रयोगशाला और मल्टीपर्पज हॉल का निरीक्षण किया। दोनों ही स्थानों पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क और पेयजल परियोजनाओं की जांच
डॉ. गणपति आर. ने बिस्कोहर-सिंगारजोत मार्ग पर किमी.-09 में स्थित दखिनहवा नाले पर बन रहे 2×6 मीटर स्पान के आरसीसी बॉक्स लघु सेतु का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गति को देखते हुए संबंधित एजेंसी को इसे जल्द से जल्द और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने नगर पंचायत बिस्कोहर में जल जीवन मिशन के तहत सिकौथा पाइप पेयजल योजना में निर्माणाधीन ओवर हेड टैंक का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्य समय पर पूरा हो, हर घर को कनेक्शन मिले और पाइप डालने में खोदी गई सड़कों को ठीक किया जाए।
कान्हा गौशाला में धीमी प्रगति पर वेतन रोका
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नगर पंचायत बिस्कोहर के कान्हा गौशाला भी पहुंचे। यहां बाउंड्रीवॉल का काम तो पूरा हो चुका था, लेकिन शेड का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा था। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत बिस्कोहर, अखिलेश कुमार दीक्षित का स्पष्टीकरण मांगा और कनिष्ठ लिपिक सुधीर कुमार का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने गौशाला का निर्माण कार्य समय पर पूरा करने पर जोर दिया।







