PRAYAGRAJ NEWS : समाजवादी पार्टी के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत करछना विधानसभा इकाई ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी तपन मिश्रा को सौंपा। कार्यक्रम में मेजा विधायक संदीप सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष जमुनापार पप्पू लाल निषाद और विधानसभा अध्यक्ष ननकेश बाबू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन में पेपर लीक पर रोक, किसानों को फसलों का उचित समर्थन मूल्य व समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, युवाओं को रोजगार देने, नैनी औद्योगिक क्षेत्र के बंद उद्योगों को पुनः चालू करने, घरेलू गैस, पेट्रोल व डीजल की बढ़ी कीमतें वापस लेने, विपक्षी कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न व फर्जी एनकाउंटर रोकने, तकनीकी संस्थानों की शुल्क वृद्धि वापस लेने, पुरानी पेंशन बहाल करने, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय व सेवा नियमावली लागू करने, पत्रकारों की सुरक्षा तथा पीडीए परिवारों पर हो रहे अत्याचार रोकने की मांग की गई। एसडीएम तपन मिश्रा ने ज्ञापन राज्यपाल तक भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक संदीप सिंह पटेल और जिलाध्यक्ष पप्पू लाल निषाद ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







