Home उत्तर प्रदेश 700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आज आएंगे मुख्यमंत्री योगी...

700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आज आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

135 कार्यों का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
200 बीघा के मैदान में लगेगा पंडाल, 20 गेट से होगी लोगों की आने – जाने की व्यवस्था
सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बैठने की व्यवस्था आदि की रहेगी व्यवस्था
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक दिवसीय दौरे पर फतेहपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सदर तहसील के मदारीपुर कला में आयोजित विशाल जनसभा में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान 135 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। हालांकि शुरुआती तैयारियां जिले में लगभग 700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण की थीं, लेकिन अंतिम कार्यक्रम में केवल सदर और अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्र की परियोजनाओं को शामिल किया गया है। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 550 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जबकि अन्य प्रस्तावित कार्यों को फिलहाल कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में 87 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 48 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, विद्युत एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मदारीपुर कला का पूरा इलाका सुरक्षा के अभेद घेरे में है। कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए एनएसजी कमांडो और विशेष सुरक्षा दल भी पहले ही जिले में पहुंच चुके हैं।
200 बीघा मैदान, 20 प्रवेश द्वार और हजारों लोगों की तैयारी
मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए करीब 200 बीघा मैदान तैयार किया गया है। लोगों के प्रवेश के लिए 20 अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। सभा स्थल पर हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था, विशाल वाटरप्रूफ पंडाल, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
दौरे से पहले जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का कई बार निरीक्षण किया। मंच, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे फतेहपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मिनट-टू-मनट कार्यक्रम
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
सुबह 10:00 बजे लखनऊ स्थित आवास (5, कालिदास मार्ग) से प्रस्थान।
10:05 बजे ला मार्टिनियर कॉलेज हेलीपैड पहुंचकर सरकारी हेलीकॉप्टर से रवाना।
10:30 बजे मदारीपुर कला, फतेहपुर हेलीपैड पर आगमन।
10:40 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचकर विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास एवं जनसभा।
11:40 से 11:55 बजे तक आरक्षित समय।
11:55 बजे कार्यक्रम स्थल से हेलीपैड के लिए प्रस्थान
12:05 बजे हेलीकॉप्टर से जालौन के लिए रवाना होंगे।