FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने की, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी की जिला कार्यसमिति की अहम बैठक आगामी 6 मई को आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जनपद के सभी प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य शामिल होंगे, जहां आगामी राजनीतिक रणनीतियों और सांगठनिक गतिविधियों की रूपरेखा तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 1 से 7 मई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत शक्ति केंद्रों, बूथों और बूथ समितियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य संगठन की जमीनी मजबूती को परखना और सक्रियता बढ़ाना है। अन्नू श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ पर जाकर समितियों की सक्रियता का आकलन किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम पायदान तक पहुंच रही हैं। बैठक में जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी, पुष्पराज पटेल, सुशीला मौर्या, जिला उपाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, मधुराज विश्वकर्मा, अपर्णा सिंह गौतम, कुलदीप भदौरिया, जिला मंत्री विमलेश पांडे, सुनीता गुप्ता, रेखा पासवान, धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित ओम मिश्रा, प्रसून तिवारी, गौरव शुक्ला, शिवाकांत तिवारी, विवेक श्रीवास्तव, शरद श्रीवास्तव, सुमित द्विवेदी समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







