Home उत्तर प्रदेश 23,123 रिक्त  TGT&PGT  पदों पर पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग, माध्यमिक...

23,123 रिक्त  TGT&PGT  पदों पर पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग, माध्यमिक अफसर को  सौंपा ज्ञापन

PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक एवं प्रवक्ता के लगभग 23,123 रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक और माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग की सचिव को  ज्ञापन सोमवार को सौंपा गया। धरनारत युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से हजारों पद खाली पड़े हैं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लाखों पात्र एवं बेरोजगार अभ्यर्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ज्ञापन के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले नियमावली में अचानक बदलाव किए जाने की चर्चा से अभ्यर्थियों में असमंजस और चिंता का माहौल है। वर्षों से पुरानी नियमावली के तहत तैयारी कर रहे युवाओं के साथ यह अन्याय होगा। विशेष रूप से प्राविधिक कला, हिंदी, अंग्रेजी तथा प्रवक्ता पदों के नॉन-बीएड अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने की मांग भी उठाई गई है। इसके अलावा माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कंप्यूटर शिक्षकों के रिक्त पदों पर भी शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की आवश्यकता जताई गई है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में नई नियमावली लागू न की जाए। ज्ळज् एवं च्ळज् के लगभग 23,123 रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर जल्द विज्ञापन जारी किया जाए।
प्राविधिक कला, हिंदी, अंग्रेजी और प्रवक्ता पदों पर नॉन-बीएड अभ्यर्थियों के हित सुरक्षित रखे जाएं। कंप्यूटर शिक्षकों के रिक्त पदों पर भी शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि अभ्यर्थियों के हितों की अनदेखी करते हुए नियमावली में ऐसा परिवर्तन किया जाता है जिससे युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हों, तो अभ्यर्थी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन के अंत में सरकार से जनहित एवं अभ्यर्थियों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई है।युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह, सुनील श्रीवास्तव, अखिलेश वर्मा,सीता प्रसाद, निशा कुशवाहा, योगेश कुमार सहित दर्जनों की संख्या में प्रतियोगी छात्र मौजूद रहे।