PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में रेल संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 14 कर्मचारियों को सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित समारोह में संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कहा कि सम्मानित कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं संरक्षित रेल परिचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे उत्कृष्ट कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मो. मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यू.सी. शुक्ला, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) डॉ. शिवम शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर (कोचिंग) शिव सिंह, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर (ओ एंड एफ) विकास चैरसिया, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मो. जावेद अख्तर सहित कई अधिकारी एवं निरीक्षक मौजूद रहे। पुरस्कृत कर्मचारियों ने हॉट एक्सल, आग लगने की घटनाओं, फ्लैट टायर, हैंगिंग पार्ट, हैवी ब्रेक बाइंडिंग, स्प्रिंग टूटने, असामान्य आवाज तथा चलती ट्रेन से यात्री के गिरने जैसी घटनाओं में समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर संभावित दुर्घटनाओं को टालने में सराहनीय योगदान दिया। सम्मानित कर्मचारियों में मो. इमरान हबीब, शोभित कुमार, राजेश चन्द्र यादव, पवन कुमार पटेल, कृष्ण कुमार पटेल, अमित कुमार मिश्रा, रोहित कुमार, माया देवी, ओमप्रकाश भारतीया, राम कुमार मीना, चितरंजन कुमार, दीप कुमार यादव, सूरज दास भगत एवं देवेन्द्र आर्या शामिल रहे।







