Home उत्तर प्रदेश 22 वर्षों तक सेना में सेवा देने के बाद लौटे भाजपा जिलाध्यक्ष...

22 वर्षों तक सेना में सेवा देने के बाद लौटे भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई जेसीओ विजय बहादुर सरोज का फूल-मालाओं से हुआ स्वागत

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) भारतीय जनता पार्टी मीरजापुर के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के भाई विजय बहादुर सरोज का 22 वर्ष तक भारतीय सेना में अपनी अनुकरणीय सेवाएं देने के बाद सेना के जे.सी.ओ. पद से सेवानिवृत्त होकर प्रथम आगमन पर मीरजापुर रेलवे स्टेशन पर पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा अत्यंत उत्साह और गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया । जैसे ही विजय बहादुर सरोज ट्रेन से मीरजापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, उपस्थित समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल-नगाड़ों की गूंज, भारत माता के जयकारों और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारों से पूरा स्टेशन परिसर गुंजायमान हो उठा। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया तथा अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी 22 वर्षों की सैन्य सेवा, राष्ट्र निष्ठा एवं समर्पण का अभिनंदन किया । स्टेशन परिसर से निकलने के बाद उनका काफिला कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के साथ उनके पैतृक गांव चेकसारी के लिए रवाना हुआ । रास्ते में जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया । अपने गांव चेकसारी पहुंचने पर परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने ढोल-ताशों के साथ पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया । इस अवसर पर विजय बहादुर सरोज ने भावुक होकर सभी कार्यकर्ताओं, परिजनों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “22 वर्षों तक भारतीय सेना में जे.सी.ओ. पद पर रहते हुए देश की सीमाओं की रक्षा करना मेरे लिए अत्यंत गर्व और सौभाग्य का विषय रहा है । अब अपनी मातृभूमि लौटकर समाज और क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर सेवा करने के लिए संकल्पित हूं । उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी पं0 भावेश शर्मा ने दिया ।