VARANASI NEWS: हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वाराणसी में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की समस्त इकाइयों के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत एक भव्य एवं प्रेरणादायी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नगरवासियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा स्वस्थ, संयमित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय सेवा योजना की मुख्य कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा ओझा ने किया। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी कार्यक्रम अधिकारी, सहायक आचार्य, महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राध्यापिका प्रो. रागिनी श्रीवास्तव, प्रो. संगीता श्रीवास्तव, प्रो. जगदीश सिंह, प्रो. ऋचा सिंह, प्रो. अनुपम शाही, प्रो. संजय श्रीवास्तव, डॉ. शिवानंद यादव एवं डॉ. धीरज सिंह सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने इस अभियान को युवाओं में सामाजिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।







