MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल अंतर्गत चुनार–चोपन रेलखंड के लूसा रेलवे स्टेशन पर त्रिवेणी एक्सप्रेस (शक्तिनगर–टनकपुर) और मूरी एक्सप्रेस का नियमित ठहराव 20 जुलाई से शुरू होगा। इससे मड़िहान विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह सुविधा मिर्जापुर की सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के रेलवे मंत्रालय से अनुरोध तथा उनके सांसद प्रतिनिधि डॉ. एस.पी. सिंह पटेल के सतत प्रयासों से मिली है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इन ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे थे। गौरतलब है कि करीब तीन दशक पहले तत्कालीन सांसद राम प्यारे पनिका के प्रयास से त्रिवेणी एक्सप्रेस का अस्थायी ठहराव लूसा स्टेशन पर हुआ था, लेकिन उनके निधन के बाद यह सुविधा समाप्त हो गई थी। तब से क्षेत्रवासी लगातार इस मांग को उठाते रहे। लूसा रेलवे स्टेशन मड़िहान तहसील का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यहां ट्रेनों के ठहराव से मीरजापुर, सोनभद्र, चुनार, शक्तिनगर, सिंगरौली, रेनुकूट, दुद्धी, रांची और टाटानगर सहित कई क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इस निर्णय पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने खुशी जताते हुए सांसद अनुप्रिया पटेल तथा उनके सांसद प्रतिनिधि डॉ. एस.पी. सिंह पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों ने इसे मड़िहान क्षेत्र के विकास और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।







