Home उत्तर प्रदेश 16 जुलाई को निकलेगी श्री जगन्नाथ रथयात्रा, तैयारियाँ पूरी

16 जुलाई को निकलेगी श्री जगन्नाथ रथयात्रा, तैयारियाँ पूरी

MIRZAPUR NEWS:  (सुनील कुमार गुप्ता) ठाकुर रामकुमार मंदिर,गजिया टोला नारघाट से आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा महा महोत्सव-2026 की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी, भ्राता बलभद्र एवं माता सुभद्रा की रथयात्रा 16 जुलाई 2026 गुरुवार को प्रातः 06 बजे मंदिर प्रांगण से प्रारम्भ होकर रथयात्रा चौराहा (त्रिमोहानी) पहुंचेगी,जहां भगवान दिनभर दर्शन-पूजन हेतु विराजमान रहेंगे। सायं 04 बजे महाआरती के उपरान्त रथयात्रा नगर भ्रमण करेगी। रथयात्रा प्रभारी राहुल चन्द्र जैन वायु ने कहा कि श्री जगन्नाथ जी संपूर्ण देवों का स्वरूप हैं और उनकी रथयात्रा वैदिक संस्कृति का जयघोष है। पुराणों के अनुसार विष्णुभक्त महाराज इंद्रद्युम्न द्वारा चतुर्धामूर्तियों की स्थापना के समय से यह परम्परा चली आ रही है। भगवान श्री जगन्नाथ समस्त वेदों के अमूर्त स्वरूप माने जाते हैं तथा उनकी लीला मानवता के गूढ़ दर्शन और ‘सर्वभूतहिताय’ की भावना को मूर्त रूप देती है। उन्होंने कहा कि भगवान की उपासना में वर्ण, जाति, भाषा अथवा सम्प्रदाय का कोई भेद नहीं है। उनकी भक्ति प्रेम, सहिष्णुता, करुणा एवं समरसता का मार्ग दिखाती है। महोत्सव का उद्देश्य वैदिक परम्परा के संरक्षण के साथ समानता, धर्म, संस्कृति, नैतिक मूल्यों, शांति एवं सद्भाव का संदेश देना है। कार्यक्रम संयोजक रूप नारायण अग्रहरि, एडवोकेट ने बताया कि रथयात्रा के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा, साफ-सफाई, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य आवश्यक प्रबन्ध किए जा रहे हैं। नगर पालिका, विद्युत विभाग एवं संबंधित विभागों से समन्वय कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने सभी नगरवासियों से रथयात्रा में सपरिवार भागीदारी कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। धार्मिक पूर्णाहुति के क्रम में 19 जुलाई 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे मंदिर प्रांगण में विष्णु सहस्रनाम जप-यज्ञ होगा। इसके उपरान्त भगवान का विशेष श्रृंगार, कढ़ी-चावल सहित विविध व्यंजनों का भोग एवं महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से ट्रस्टी एवं महामंत्री राकेश गुप्ता, ब्रिजेश गुप्ता संरक्षक, गौरव ऊमर संरक्षक, राज माहेश्वरी संरक्षक, मनोज दमकल संरक्षक, राजेश अग्रहरि, सुमित अरोड़ा, शुभम, दिव्यांश एवं शेखर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।