Home उत्तर प्रदेश वृक्षों के तनों पर राखी बांध बच्चों ने लिया संरक्षण का संकल्प

वृक्षों के तनों पर राखी बांध बच्चों ने लिया संरक्षण का संकल्प

KAUSHAMBI NEWS: प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति बच्चों में प्रेम, संवेदनशीलता व जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कंपोजिट विद्यालय पेरई में अनूठी पहल की गई। ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह के अगुवाई व  प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यवती देवी के संरक्षण में ईको क्लब टीम के सदस्यों ने आकर्षक राखियां तैयार कीं। इसके बाद बच्चों ने विद्यालय परिसर में लगे वृक्षों के तनों पर राखियां बांधकर उनकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों ने पेड़ों को परिवार के सदस्य के समान मानते हुए उनकी नियमित देखभाल करने व अधिक से अधिक पौधे लगाने की शपथ ली। बच्चों ने कहा कि जिस प्रकार भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह पेड़ भी मानव जीवन की रक्षा करते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। शिक्षिका प्रतिमा कुमारी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मक व कलात्मक क्षमता विकसित करने के साथ ही प्रकृति और पर्यावरण के प्रति प्रेम तथा संवेदनशीलता पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए विद्यालय स्तर पर इस तरह के आयोजन बेहद प्रभावी साबित होते हैं। शिक्षक सोनी गुप्ता, अर्चना कुमारी व अन्नू केसरवानी के सहयोग से बच्चों ने विद्यालय परिसर के सभी पेड़ों को राखियां बांधीं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक चक्रपाणि मिश्र, सपना श्रीवास्तव, मनु शर्मा व हुबलाल वर्मा सहित सम्मानित अभिभावक आरती देवी, मिल्ला देवी और चंदा देवी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने बच्चों में प्रकृति के प्रति अपनत्व और पर्यावरण संरक्षण की भावना को और मजबूत किया।