JAUNPUR NEWS: तहसील मड़ियाहूं में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस इस बार सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि त्वरित न्याय और प्रशासनिक सक्रियता का उदाहरण बनकर उभरा। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद की अध्यक्षता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया गया। सबसे उल्लेखनीय मामला मंगला सिंह का रहा, जिनका नाम आधार और खतौनी में अलग-अलग दर्ज होने के कारण उनकी फार्मर रजिस्ट्री अटक गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर महज 15 मिनट के भीतर खतौनी संशोधित कर उन्हें सौंप दी गई—जिससे प्रशासन की त्वरित कार्यशैली की झलक साफ दिखी। इसी तरह राजमणि पटेल के खतौनी में गलत पते को भी तत्काल ठीक कर राहत दी गई। अवैध कब्जे, रास्ता अवरुद्ध होने और विद्युत कनेक्शन जैसी समस्याओं पर भी संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच और कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए। किसान सम्मान निधि से वंचित रामलखन के मामले में जांच के आदेश दिए गए, जबकि रास्ता विवाद में राजस्व और पुलिस टीम को संयुक्त रूप से मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस के दौरान कुल 138 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।







