MIRZAPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी व प्रभावी कार्यवाही करने के लिए जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देश के क्रम में रविवार को थाना जिगना पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस अधीक्षक, ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना जिगना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर थाना जिगना क्षेत्रांतर्गत ग्राम भिलगौर तिराहा के पास से मोटरसाइकिल सवार अभियुक्त कुलदीप सिंह पुत्र श्रीजीत सिंह निवासी ग्राम गौरा, थाना जिगना, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से बोरे में रखा 10 किलो 264 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। उक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना जिगना पर मु0अ0सं0-142/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP 63 AM 6951 को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज करने की कार्यवाही की गई।







