JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक देर रात आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सभी गौशालाओं में गोवंशों के लिए छाया, पर्याप्त चारा एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंशों को नियमित संतुलित आहार तथा पर्याप्त मात्रा में ताजा पानी उपलब्ध कराया जाए। बैठक में भूसे के भंडारण एवं उपयोग की समीक्षा करते हुए डीएम ने दान एवं क्रय से प्राप्त भूसे का निर्धारित मानकों के अनुसार उपयोग करने तथा भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं में सभी अभिलेख निर्धारित प्रारूप पर पूर्ण रूप से संधारित करने को कहा। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, गौ आश्रय स्थल पोर्टल पर सूचनाएं समय से अपडेट करने तथा गोवंशों के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चारागाह भूमि पर नेपियर घास एवं अन्य मौसमी हरे चारे की बुवाई कराने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी गौशाला में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव सहित सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा गौशाला संचालक उपस्थित रहे।







