SANGRAM GARH NEWS: थाना क्षेत्र के ग्राम नेवदा में रविवार रात करीब 8 बजे अज्ञात कारणों से एक घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे घर में रखा सामान और पशुधन इसकी चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी बैजनाथ सोनकर के घर में लगी आग से घर के बाहर बरामदे में छप्पर के नीचे बंधी 15 बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा खाद्यान्न, कपड़े, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। गृहस्वामी बैजनाथ सोनकर ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। आग लगने की सूचना पर ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और चिंता का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की है।





